Skip to main content

BalrampurChhattisgarhLocal

सेवा सेतु शिविर दोहना में 51 आवेदन प्राप्त, 35 का मौके पर निराकरण।

20 वृद्धजनों का सम्मान, ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की दी गई जानकारी।

बलरामपुर/ शंकरगढ़।

सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत जनपद पंचायत शंकरगढ़ के क्लस्टर ग्राम दोहना में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। जनपद पंचायत शंकरगढ़ की उपाध्यक्ष श्रीमती प्रियंवदा सिंह देव एवं जिला पंचायत सदस्य श्रीमती गीता पैकरा के मुख्य आतिथ्य में आयोजित शिविर में क्लस्टर की 16 ग्राम पंचायतों से बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी मांगों एवं समस्याओं को लेकर पहुंचे।

शिविर में कुल 51 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 35 का मौके पर ही निराकरण किया गया। वहीं शेष 16 आवेदनों के निराकरण के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई। शिविर में सर्वाधिक 39 आवेदन खाद्य विभाग से संबंधित रहे, जिनमें 25 का तत्काल निराकरण किया गया। राजस्व विभाग से प्राप्त सभी 7 आवेदनों का भी मौके पर निराकरण किया गया। इस दौरान राजस्व विभाग द्वारा हितग्राहियों को 4 बी-1 एवं 2 ऋण पुस्तिकाएं प्रदान की गईं।

शिक्षा विभाग द्वारा स्कूली बच्चों को 78 जाति प्रमाण पत्र वितरित किए गए। प्राथमिक शाला सरिमा की छात्रा कु. असीमा दास को दिव्यांग प्रमाण पत्र के साथ दिव्यांगता किट प्रदान की गई। वहीं जनपद पंचायत की ओर से ग्राम सरिमा की श्रीमती सनिता यादव एवं श्रीमती सीमा विश्वकर्मा को राशन कार्ड सौंपे गए। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी भी दी।

*20 वृद्धजनों का सम्मान*

अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर शिविर में 20 बुजुर्गों का सम्मान किया गया। अतिथियों एवं अधिकारियों ने वृद्धजनों को तिलक लगाकर, मुंह मीठा कराकर तथा शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान वृद्धजनों के प्रति सम्मान और सेवा का संदेश दिया गया।

इसके अलावा “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत अतिथियों द्वारा एकलव्य आवासीय विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया गया। ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण एवं अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया गया।

शिविर में जनपद सदस्य तिलासाय एवं अमीनसाय, विधायक प्रतिनिधि मुकेश कश्यप, मंडल अध्यक्ष विवेक जायसवाल, मंडल महामंत्री सत्यानंद पैकरा, जिला मंत्री अवधेश पैकरा, पूर्व जनपद अध्यक्ष शिवशंकर मराबी, निमेश यादव, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत वेदप्रकाश पाण्डेय, तहसीलदार दानिश परवेज, विकासखंड शिक्षा अधिकारी इस्माईल खान, वन परिक्षेत्राधिकारी महेन्द्र यादव, नायब तहसीलदार गजराज सिंह सहित विकासखंड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी, सरपंच-सचिव एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *