गांधी जयंती पर अफसरों का अनोखा अंदाज: झाड़ू-ब्रश थामकर कलेक्टर-एसपी-डीएफओ ने की बाजार की सफाई, श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश।
बलरामपुर
गांधी जयंती के अवसर पर बलरामपुर के साप्ताहिक बाजार में शुक्रवार को स्वच्छता और जनभागीदारी की अनूठी तस्वीर देखने को मिली। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वयं श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित करने के साथ की। उन्होंने महात्मा गांधी के जीवन और उनके विचारों को स्मरण करते हुए कहा कि बापू ने सत्य और अहिंसा के माध्यम से दुनिया को नई राह दिखाई। उनके लिए स्वच्छता केवल सफाई तक सीमित नहीं थी, बल्कि यह आत्मअनुशासन और समाज के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक थी।

कलेक्टर ने नागरिकों से सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सादगी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जब प्रत्येक नागरिक अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी स्वयं उठाएगा, तभी स्वच्छ और स्वस्थ भारत का सपना साकार होगा।
इसके बाद कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने स्वयं झाड़ू थामकर बाजार परिसर में सफाई की। पुलिस अधीक्षक श्री वैभव बैंकर और वनमंडलाधिकारी श्री आलोक कुमार बाजपेयी ने भी उनके साथ श्रमदान किया। अधिकारियों ने बाजार शेड के बैठक स्थलों पर ब्रश से पुताई की तथा बेरंग पड़ी दीवारों और अन्य संरचनाओं को रंग-रोगन कर नया स्वरूप दिया।
वरिष्ठ अधिकारियों को आम नागरिकों के साथ मिलकर श्रमदान करते देखकर स्वच्छता दीदियों, युवा स्वयंसेवकों और नागरिकों में भी उत्साह नजर आया। करीब एक घंटे चले सामूहिक श्रमदान के बाद साप्ताहिक बाजार परिसर पहले की तुलना में अधिक स्वच्छ और व्यवस्थित नजर आया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने स्वच्छता बनाए रखने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेते हुए शपथ भी ली। इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री दिलीप सोनी, पार्षद श्रीमती स्वाति गुप्ता, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री प्रदीप एक्का सहित जनप्रतिनिधि, स्वच्छता दीदियां, युवा स्वयंसेवक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।