Skip to main content

BalrampurChhattisgarhLocal

नशे में वाहन चलाने वालों पर बलरामपुर पुलिस की सख्ती, 9 माह में 1001 पर कार्रवाई, 251 लाइसेंस जब्त, 144 चालकों के लाइसेंस तीन माह के लिए निलंबित।

न्यायालय से 1.13 करोड़ रुपये से अधिक का समन्स शुल्क वसूला गया।

बलरामपुर-रामानुजगंज…..

सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बलरामपुर पुलिस द्वारा शराब के नशे में वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। वर्ष के प्रथम नौ माह में पुलिस ने नशे की हालत में वाहन चलाने वाले 1001 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किए। इन मामलों में न्यायालय द्वारा एक करोड़ 13 लाख 15 हजार 400 रुपये का समन्स शुल्क वसूला गया।

पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के मार्गदर्शन में चल रही कार्रवाई के दौरान 251 वाहन चालकों के लाइसेंस जब्त किए गए। इनमें से 144 वाहन चालकों के लाइसेंस तीन माह के लिए निलंबित किए गए हैं।

पुलिस द्वारा वाहन चालकों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की जा रही है। जांच में शराब के नशे में वाहन चलाते पाए जाने पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई का उद्देश्य केवल यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर दंडात्मक कार्रवाई करना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है।

*पुलिस ने की वाहन चालकों से अपील*

बलरामपुर पुलिस ने वाहन चालकों से शराब अथवा किसी भी प्रकार के नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की है। साथ ही वाहन चलाते समय सीट बेल्ट और हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई है।

पुलिस ने आम नागरिकों से यह भी अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति नशे की हालत में वाहन चलाने का प्रयास करता है, तो उसे वाहन चलाने से रोकें और सुरक्षित साधन से घर पहुंचने के लिए प्रेरित करें।

बलरामपुर पुलिस का संदेश है— “नशे में वाहन चलाना, जीवन को खतरे में डालना है। सुरक्षित चलें, सुरक्षित पहुंचें।”

सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन को लेकर बलरामपुर पुलिस की जागरूकता और नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *