सब्जी की आड़ में गांजे की खेती, 112 पौधों के साथ आरोपी गिरफ्तार।
बरियों पुलिस की कार्रवाई, 36 किलो 300 ग्राम गांजा पौधे जब्त; आरोपी न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
बलरामपुर…
नशीले पदार्थों की अवैध खेती और कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बरियों पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चौकी बरियों क्षेत्र के ग्राम खुखरी के रखैतपारा में सब्जी बाड़ी के बीच गांजे के पौधों की खेती करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार 3 अक्टूबर 2026 को ग्राम खुखरी के हल्का पटवारी ने चौकी बरियों प्रभारी को सूचना दी कि रखैतपारा निवासी कबीर साय टेकाम (51 वर्ष) अपनी कब्जे की भूमि में स्थित सब्जी बाड़ी में गांजे के पौधे उगाकर खेती कर रहा है। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
मौके पर आरोपी कबीर साय टेकाम मिला। पूछताछ में उसने सब्जी की फसल के बीच गांजे के पौधे लगाने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उसकी बाड़ी की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान सब्जी की फसल के बीच लगाए गए छोटे-बड़े गांजे के कुल 112 पौधे बरामद किए गए। पुलिस ने पौधों को गवाहों के समक्ष गिनती कर जब्त किया।
बरामद गांजे के पौधों का कुल वजन करीब 36 किलो 300 ग्राम और अनुमानित कीमत 3 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी कबीर साय टेकाम के खिलाफ चौकी बरियों, थाना राजपुर के अपराध क्रमांक 248/2026, धारा 20(बी)(ii)(सी), 8(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि जिले में नशीले पदार्थों की खेती, तस्करी और अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई के लिए पुलिस, राजस्व एवं वन विभाग के बीच समन्वय स्थापित कर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अवैध मादक पदार्थों की खेती का भौतिक सत्यापन कर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।