नो-एंट्री में घुसे 15 वाहन चालकों पर कार्रवाई, 21 प्रकरणों में 39,200 रुपये का चालान।
*रामानुजगंज में यातायात पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कसी नकेल।*
रामानुजगंज/बलरामपुर।
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस ने रामानुजगंज में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नो-एंट्री में वाहन प्रवेश कराने वाले 15 वाहन चालकों सहित कुल 21 प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए 39,200 रुपये का शमन शुल्क लगाया गया।

पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के मार्गदर्शन में यातायात प्रभारी विमलेश देवांगन के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
*नियमों का उल्लंघन करने वालों को दी गई समझाइश*
चेकिंग अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को निर्धारित मार्गों एवं नो-एंट्री प्रतिबंधों का पालन करने, यातायात संकेतों का सम्मान करने तथा सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने की समझाइश दी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन न केवल कानून के विरुद्ध है, बल्कि इससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है।
*यातायात नियमों का पालन करने की अपील*
यातायात विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे नो-एंट्री सहित अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन न करें। वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें। इसके साथ ही नशे की हालत में वाहन चलाने से बचें और सड़क पर पैदल चलने वालों सहित अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा का ध्यान रखें।
यातायात पुलिस ने कहा कि नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों की जान सुरक्षित रखने के लिए जरूरी है। वाहन चालकों से जिम्मेदार नागरिक बनकर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम में सहयोग करने की अपील की गई है।
यातायात जागरूकता संदेश: यातायात नियमों का करें सम्मान, सुरक्षित रहें और सुरक्षित रखें अपनी जान।