रघुनाथनगर पुलिस की कार्रवाई, 9 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ दो आरोपी गिरफ्तार।
गिरवानी चौक पर वाहन चेकिंग के दौरान पकड़े गए आरोपी, शराब और मोटरसाइकिल समेत 34,050 रुपये का सामान जब्त।
वाड्रफनगर/बलरामपुर।
बलरामपुर जिले में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में थाना रघुनाथनगर पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान दो आरोपियों को अवैध रूप से अंग्रेजी शराब ले जाते हुए पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9 लीटर अंग्रेजी शराब और तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। इसके बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

*वाहन चेकिंग के दौरान मिली शराब*
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक बलरामपुर के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले में अवैध गतिविधियों और शराब तस्करी के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान थाना प्रभारी रघुनाथनगर अपनी टीम के साथ गिरवानी चौक पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक CG 30 B 7099 को रोककर जांच की गई। मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों में से पीछे बैठे व्यक्ति के पास एक सफेद रंग का प्लास्टिक थैला था। तलाशी लेने पर उसमें अंग्रेजी शराब के पाउच मिले। पूछताछ में आरोपियों की पहचान कतवारी राम कोरवा, निवासी ग्राम पंडरी तथा राजकुमार कोरवा निवासी ग्राम खून्सी, प्रतापपुर के रूप में हुई।
*45 पाउच अंग्रेजी शराब जब्त*
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दबंग गोल्ड अंग्रेजी शराब के 45 पाउच बरामद किए। प्रत्येक पाउच में 200 मिलीलीटर शराब थी। इस तरह कुल 9 लीटर शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत 4,050 रुपये बताई गई है। इसके अलावा शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, जिसकी कीमत लगभग 30 हजार रुपये है, उसे भी गवाहों के समक्ष जब्त किया गया। जब्त सामग्री की कुल कीमत 34,050 रुपये आंकी गई है।
*आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई*
मामले में थाना रघुनाथनगर में धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस द्वारा जिले में अवैध शराब के कारोबार और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।