चरित्र पर संदेह और विवाद बना पत्नी की हत्या की वजह, लकड़ी के डंडे से सिर पर वार कर उतारा मौत के घाट।
राजपुर पुलिस ने आरोपी पति को किया गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त डंडा और मृतका के कपड़े जब्त।
राजपुर/बलरामपुर।
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोटागहना में पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। घटना के दिन मोबाइल फोन पर किसी अज्ञात व्यक्ति से बातचीत करने और अपने दो वर्षीय बेटे को साथ ले जाने की जिद को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने लकड़ी के डंडे से पत्नी के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

डंडे से सिर पर किया वार, मौके पर गई जान
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कोटागहना निवासी अनिल तिवारी (53 वर्ष), उपसरपंच ग्राम पंचायत कोटागहना, ने 16 अक्टूबर 2026 को राजपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि गांव के रामवृक्ष कोरवा उर्फ पिंटू (35 वर्ष), पिता जागर कोरवा ने अपनी पत्नी चिंतामणि कोरवा के साथ लकड़ी के डंडे से मारपीट कर उसकी हत्या कर दी है। शिकायत के आधार पर राजपुर पुलिस ने (BNS) की धारा 103(1) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
*पत्नी के चरित्र पर करता था संदेह*
विवेचना के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण किया गया तथा गवाहों के बयान दर्ज कर साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। घटना के दिन 16 अक्टूबर को चिंतामणि मोबाइल फोन पर किसी अज्ञात व्यक्ति से बातचीत कर रही थी। इसी दौरान वह अपने दो वर्षीय पुत्र रयांश कोरवा को साथ ले जाने की जिद करने लगी। इस बात से नाराज होकर आरोपी ने घर में रखे लकड़ी के डंडे से पत्नी के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।
*हत्या में प्रयुक्त डंडा जब्त, आरोपी जेल भेजने की प्रक्रिया में*
पुलिस के अनुसार, विवेचना के दौरान आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा और मृतका के घटना के समय पहने हुए कपड़े जब्त कर लिए हैं। अपराध प्रमाणित पाए जाने पर आरोपी रामवृक्ष कोरवा उर्फ पिंटू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की विवेचना जारी है।