झारखंड की मदिरा में मिलावट कर दोबारा पैकिंग की तैयारी, आबकारी विभाग ने 11.6 बल्क लीटर शराब की जब्त।
खजुरियाडीह में उड़नदस्ते की कार्रवाई, 51 खाली शीशियां और 560 ढक्कन बरामद; आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज।
बलरामपुर…..
जिले में अवैध एवं मिलावटी मदिरा के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में जिला स्तरीय आबकारी उड़नदस्ते ने चांदो थाना क्षेत्र के ग्राम खजुरियाडीह में कार्रवाई करते हुए झारखंड राज्य में बिक्री के लिए निर्मित 11.6 बल्क लीटर देशी मदिरा मसाला जब्त की है। मामले में 29 वर्षीय आरोपी अरविन्द कुमार, पिता रामचंद्र प्रसाद, के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन एवं जिला आबकारी अधिकारी शशांक शर्मा के मार्गदर्शन में जिले में अन्य प्रांत की मदिरा और अवैध शराब के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान आबकारी उड़नदस्ते ने ग्राम खजुरियाडीह में दबिश देकर आरोपी के कब्जे से झारखंड में बिक्री के लिए निर्मित देशी मदिरा मसाला बरामद की।
*खाली शीशियां और ढक्कन भी मिले*
कार्रवाई के दौरान टीम को मौके से मिलावट के लिए धोकर रखी गई 51 खाली शीशियां और शीशियों को सील पैक करने के लिए रखे गए 560 ढक्कन भी मिले। इन सामग्रियों की बरामदगी से मदिरा में मिलावट कर दोबारा पैकिंग किए जाने की आशंका सामने आई है। आबकारी विभाग ने जब्त मदिरा एवं अन्य सामग्रियों के संबंध में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
*आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज*
आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2), 36 एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की जा रही है। मामले की विवेचना परिवीक्षाधीन आबकारी उपनिरीक्षक मनीष कुमार चंद्रा द्वारा की जा रही है।
कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक चन्द्रदीप भगत एवं अभिषेक राजवाड़े, मुख्य आरक्षक धर्मजीत राम शर्मा, आरक्षक सचिन यादव एवं प्रभात गुप्ता, महिला नगर सैनिक कलिस्ता एक्का एवं हेमंती तिर्की तथा वाहन चालक दिनेश यादव शामिल रहे। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध एवं मिलावटी मदिरा के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।