पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि, परिजनों का हुआ सम्मान।
बलरामपुर में आयोजित परेड में कलेक्टर और एसपी सहित अधिकारियों ने शहीद स्मारक पर अर्पित किए पुष्प; शहीद परिवारों की समस्याओं के शीघ्र निराकरण का दिया आश्वासन
बलरामपुर-रामानुजगंज।
पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर रक्षित केंद्र बलरामपुर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम एवं परेड का आयोजन किया गया। इस दौरान देश की सुरक्षा और कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों का बलिदान देने वाले पुलिस एवं अन्य सुरक्षाबलों के शहीद जवानों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में शहीद परिजनों को विशेष रूप से आमंत्रित कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में कलेक्टर बलरामपुर, पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी, पुलिस अनुविभागीय अधिकारियों, पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों-कर्मचारियों, गणमान्य नागरिकों तथा प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की शुरुआत परेड कमांडर एवं रक्षित निरीक्षक विमलेश कुमार देवांगन द्वारा पुलिस अधीक्षक को सलामी देने के साथ हुई। इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक ने देशभर में कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए सुरक्षाकर्मियों के नामों का वाचन किया। शहीदों की सम्मान सूची को शहीद स्मारक पर स्थापित कर सलामी दी गई। उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, गणमान्य नागरिकों एवं शहीद परिजनों ने स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
इस अवसर पर कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने शहीद परिजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। इसके बाद परेड कमांडर के नेतृत्व में शहीद परेड ने शहीद स्मारक के दोनों ओर से धीमी गति से मार्च करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।
*शहीद परिजनों की समस्याओं के निराकरण का आश्वासन*
कार्यक्रम के अगले चरण में कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित शहीद परिजनों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। अधिकारियों ने समस्याओं के यथासंभव शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के अंत में शहीद परिजनों को सम्मानपूर्वक उनके निवास स्थान तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई।
पुलिस स्मृति दिवस का यह आयोजन देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और उनके परिजनों के प्रति सम्मान एवं संवेदनशीलता प्रकट करने का अवसर बना।