Skip to main content

BalrampurChhattisgarhLocal

फर्जी अंकसूची से आंगनबाड़ी सहायिका भर्ती का मामला, फरार आरोपी विष्णु यादव गिरफ्तार।

शंकरगढ़/बलरामपुर। 

आंगनबाड़ी सहायिका के पदों पर फर्जी अंकसूची के आधार पर नियुक्ति कराने के मामले में शंकरगढ़ पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी विष्णु यादव निवासी भैरोपुर, चलगली को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस मामले में इससे पहले नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, एकीकृत बाल विकास परियोजना कुसमी की प्रभारी परियोजना अधिकारी ने 23 अगस्त 2025 को विकासखंड शंकरगढ़ में आंगनबाड़ी सहायिका के पदों पर फर्जी अंकसूची के आधार पर नियुक्ति कराने के संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में फर्जी दस्तावेज तैयार करने और उनके आधार पर नियुक्ति कराने के लिए संगठित आपराधिक षड्यंत्र किए जाने का आरोप था। इस पर थाना शंकरगढ़ में बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

*पहले नौ आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार*

विवेचना के दौरान पुलिस ने मामले में संलिप्त पाए गए नौ आरोपियों को अगस्त 2025 में गिरफ्तार किया था। इनमें सुशीला सिंह, अरमाना, रिजवाना, प्रियंका यादव, उमाशंकर पैकरा, शिवनारायण, आबिद अंसारी, समसुद्दीन अंसारी और सहीना परवीन शामिल हैं। सभी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था।

*एक साल से अधिक समय से चल रहा था फरार*

पुलिस के अनुसार, प्रकरण का आरोपी विष्णु यादव घटना के बाद से फरार चल रहा था। उसकी तलाश के दौरान पुलिस ने उसे 18 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

फर्जी अंकसूची और अन्य दस्तावेजों के आधार पर आंगनबाड़ी सहायिका के पदों पर नियुक्ति से जुड़े इस मामले में पुलिस की विवेचना जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *