दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत में दो की मौत, दो गंभीर, टक्कर के बाद दोनों बाइक में लगी आग।
वाड्रफनगर/बलरामपुर
बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत बलंगी रोड स्थित चुरैला नाला के पास सोमवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत में दोनों बाइक चालकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद दोनों मोटरसाइकिलों में आग लग जाने से घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों मोटरसाइकिलों पर दो-दो लोग सवार थे। आमने-सामने की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दुर्घटना के तुरंत बाद दोनों बाइकों में आग लग गई। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण वाहनों में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलते ही वाड्रफनगर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाने के साथ घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में दोनों घायलों का उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे में मृतकों की पहचान राम सकल, निवासी रघुनाथनगर, तथा पवन कुमार (26 वर्ष) ग्राम ककनेसा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर को हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।