विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव में शामिल हुईं विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते, नवप्रवेशी बच्चों का किया स्वागत।
वाड्रफनगर, बलरामपुर
विकासखंड वाड्रफनगर में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के शुभारंभ पर विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन उत्साह और हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया तथा उन्हें निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें एवं अन्य शैक्षणिक सामग्री वितरित कर नए शैक्षणिक सत्र के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। नवप्रवेशी बच्चों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया, जिससे विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर शिक्षा के महत्व और बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर दिया गया।अपने संबोधन में विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना है, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें और उनकी पढ़ाई पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा कि शिक्षित समाज ही विकसित राष्ट्र का निर्माण करता है और बच्चों की सफलता में अभिभावकों, शिक्षकों तथा समाज की समान भागीदारी आवश्यक है।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। बच्चों के गीत, नृत्य और स्वागत कार्यक्रम ने समारोह को यादगार बना दिया।

शाला प्रवेश उत्सव के माध्यम से शिक्षा के प्रति जनजागरूकता का संदेश भी दिया गया तथा नवप्रवेशी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया गया।इस अवसर पर नगर अध्यक्ष मानसिंह, मंडल अध्यक्ष धीरेंद्र द्विवेदी, जिला पंचायत सदस्य रामप्रताप सिंह, जनपद पंचायत सदस्य लक्ष्मण सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता राजेंद्र जायसवाल, रामनरायण साहू, रमाकांत गुप्ता, पार्षद रामकुमार कुशवाहा, अब्दुल रजाक सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।कार्यक्रम में तहसीलदार, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्याम किशोर जायसवाल, शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता निभाई। पूरे आयोजन में शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल देखने को मिला और सभी ने नवप्रवेशी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।