राजस्व-पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 2.5 एकड़ शासकीय भूमि अतिक्रमण मुक्त।
साप्ताहिक बाजार के लिए मिला अतिरिक्त स्थान, आवागमन होगा सुगम।
बलरामपुर…..
जिले में शासकीय भूमि पर अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है। कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर विकासखंड बलरामपुर के ग्राम भैंसामुंडा एवं राधाकृष्णनगर में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने करीब 2.5 एकड़ शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया।
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अभिषेक गुप्ता के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई का उद्देश्य साप्ताहिक बाजार की सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करना था। अतिक्रमण हटने से बाजार के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध हो गया है, जिससे दुकानदारों और ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा बाजार का संचालन अधिक व्यवस्थित ढंग से किया जा सकेगा।
प्रशासन के अनुसार यह कार्रवाई सार्वजनिक उपयोग की शासकीय भूमि के संरक्षण तथा ग्रामीण बाजार व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने अधिकारियों को शासकीय भूमि की नियमित निगरानी करने तथा अतिक्रमण की स्थिति में नियमानुसार तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आमजन से भी शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।