पिकप से पशु तस्करी करते दो आरोपी गिरफ्तार, तीन भैंस बरामद।
बलरामपुर…
जिले के बसंतपुर थाना पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पिकप वाहन से क्रूरता पूर्वक भैंसों का परिवहन कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त पिकप वाहन तथा तीन भैंसों को भी बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक 7 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पिकअप वाहन क्रमांक UP61 BT 8960 में पशुओं को ठूंस-ठूंसकर उत्तर प्रदेश के बूचड़खाने ले जाया जा रहा है। सूचना पर बसंतपुर थाना गेट के सामने नाकेबंदी की गई। इस दौरान संदिग्ध पिकअप को रोककर जांच की गई, जिसमें तीन भैंसों को अमानवीय तरीके से लादकर ले जाते हुए पाया गया।
पुलिस ने मौके से अनन यादव (20 वर्ष), निवासी मुर्तीखुर्दन, थाना सिंघोरा, जिला बलरामपुर (उ.प्र.) तथा साहिल कुमार (20 वर्ष), निवासी पहाड़पुर, थाना सैदपुर, जिला गाजीपुर (उ.प्र.) को गिरफ्तार किया।
आरोपियों के विरुद्ध थाना बसंतपुर में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1-घ) के तहत मामला दर्ज किया गया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई में प्रशिक्षु उप निरीक्षक मनीष साहू, प्रधान आरक्षक बिलोल सागर तथा आरक्षक विवेक कुमार शामिल रहे।