प्रतापपुर के मंगल भवन में छह एल्डरमैनों ने ली शपथ, विधायक ने विकास तेज करने का किया ऐलान।
प्रतापपुर/सूरजपुर…
प्रतापपुर के मंगल भवन में नगर पंचायत प्रतापपुर एवं जरही के मनोनीत एल्डरमैनों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। समारोह में दोनों नगर पंचायतों के छह एल्डरमैनों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर जनसेवा और विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम में विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं नगर पंचायत प्रशासक ललिता भगत ने नगर पंचायत प्रतापपुर से लक्ष्मी गुप्ता, बिजेंद्र कुमार कश्यप एवं बसराम बघेल तथा नगर पंचायत जरही से अरुण कुमार सिंह, दीपक रजक एवं डॉ. रंजन को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद सभी नवनियुक्त एल्डरमैनों का पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।

इस अवसर पर विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने कहा कि नगर पंचायतों का विकास जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी, पारदर्शिता और जनता के प्रति समर्पण से ही संभव है। उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पुल-पुलिया, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युतीकरण, स्वच्छता और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य हुए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि नए एल्डरमैन विकास कार्यों को और गति देंगे तथा जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे।
विधायक ने सभी एल्डरमैनों से वार्ड स्तर पर लोगों की समस्याओं के समाधान और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई तथा नगरों को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने में सभी की सहभागिता पर जोर दिया।
भाजपा मंडल अध्यक्ष जरही मुकेश सिंह ने कहा कि विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते के नेतृत्व में प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिली है और कार्यकर्ता क्षेत्र को आदर्श विधानसभा बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतापपुर, नगर पंचायत अध्यक्ष जरही पूरन राजवाड़े, नगर पंचायत अध्यक्ष वाड्रफनगर मानसिंह, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुखमनियाँ आयाम, भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, पार्षद, प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। समारोह का संचालन राकेश मोहन मिश्रा ने किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।