Skip to main content

BalrampurChhattisgarhLocalWadrafnagar

स्कूल बसों की जांच में अनियमितताएं, दो बसों पर 20 हजार का जुर्माना।

बलरामपुर…

जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने स्कूल बसों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया। कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश एवं जिला परिवहन अधिकारी यशवंत कुमार यादव के मार्गदर्शन में धनवार परिवहन चेक पोस्ट प्रभारी महेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न स्कूलों की बसों का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान पैराडाइज इंग्लिश मीडियम स्कूल की तीन बसों के आवश्यक दस्तावेजों की वैधता समाप्त पाई गई। इस पर परिवहन विभाग ने संबंधित स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी कर दस्तावेजों को तत्काल अद्यतन कराने के निर्देश दिए।
वहीं साईं बाबा नेशनल हायर सेकेंडरी इंग्लिश मीडियम स्कूल, चलगली की पांच बसों की जांच में दो बसों में अनियमितताएं मिलने पर प्रत्येक बस पर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। साथ ही फिटनेस सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की कमियां शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए गए।
परिवहन विभाग ने सभी स्कूल प्रबंधन को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बसों में वैध फिटनेस, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र, व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (VLTD) तथा अन्य निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करें। विभाग ने स्पष्ट किया कि स्कूल बसों की नियमित जांच आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *