जंगल से भटककर बस्ती पहुंचा हिरण, कुत्तों के हमले में दर्दनाक मौत।
बलरामपुर…
जिला मुख्यालय से लगे ग्राम बड़कीमहरी में रविवार दोपहर एक हिरण की कुत्तों के हमले में दर्दनाक मौत हो गई। जंगल से भटककर बस्ती में पहुंचे हिरण पर आवारा कुत्तों ने अचानक हमला कर दिया और उसे बुरी तरह घायल कर दिया।
घटना पर ग्रामीणों की नजर पड़ते ही उन्होंने कुत्तों को भगाकर हिरण को बचाने का प्रयास किया तथा तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हुई, लेकिन टीम के पहुंचने से पहले ही गंभीर चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण हिरण ने दम तोड़ दिया।
वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर मृत हिरण को अपने कब्जे में लिया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि नियमानुसार पंचनामा एवं अन्य औपचारिकताएं पूरी करने के बाद मृत हिरण का पोस्टमार्टम कर आगे की वैधानिक प्रक्रिया की जाएगी।
ग्रामीणों का कहना है कि जंगल से सटे क्षेत्रों में वन्यजीव अक्सर भोजन और पानी की तलाश में आबादी वाले इलाकों में पहुंच जाते हैं, जिससे उनके साथ इस तरह की घटनाएं होने का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों ने वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।