वाड्रफनगर में सड़कों पर घूम रहे आवारा मवेशी, बढ़ रहा हादसों का खतरा।
वाड्रफनगर/ बलरामपुर…
नगर पंचायत वाड्रफनगर क्षेत्र में इन दिनों मुख्य सड़कों पर आवारा मवेशियों का जमावड़ा आम बात हो गई है। व्यस्त मार्गों पर दिनभर मवेशियों के घूमने से सड़क दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार मवेशियों की वजह से छोटे-बड़े हादसे भी हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद नगर पंचायत द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
नगरवासियों के अनुसार वाड्रफनगर में वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में मुख्य सड़कों पर बैठे या घूमते मवेशी वाहन चालकों के लिए बड़ी परेशानी बन गए हैं। खासकर रात के समय और तेज रफ्तार वाहनों के बीच दुर्घटना का खतरा और अधिक बढ़ जाता है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पंचायत के अधिकारी और कर्मचारी प्रतिदिन इन मार्गों से गुजरते हैं, लेकिन सड़क पर विचरण कर रहे मवेशियों को हटाने या उन्हें पकड़ने की दिशा में कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है। जनप्रतिनिधियों की ओर से भी इस गंभीर समस्या पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
नगरवासियों ने प्रशासन और नगर पंचायत से मांग की है कि आवारा मवेशियों को तत्काल पकड़कर सुरक्षित स्थान पर रखा जाए तथा नियमित अभियान चलाकर सड़कों को मवेशी मुक्त बनाया जाए, ताकि संभावित सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके और लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।