जमीन विवाद में चचेरे भाइयों ने स्कूल जाते वक्त हेडमास्टर की धारदार हथियार से कर दी हत्या, दो आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार, आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपियों के घर में लगाई आग।
बलरामपुर/त्रिकुंडा…
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के त्रिकुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम राधानगर में लंबे समय से चल रहे पारिवारिक जमीन विवाद ने रविवार को खूनी रूप ले लिया। विवाद के दौरान दो चचेरे भाइयों ने कथित रूप से अपने बड़े पिता के बेटे पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। वहीं घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपियों के घर में आग लगा दी।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान जय करण सिंह जगते के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ग्राम राधानगर निवासी बृजमोहन जगते (26) और उसका भाई हरिमोहन जगते (23) का जय करण सिंह से लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार को दोनों ने रास्ते में जय करण सिंह को रोककर विवाद किया, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। आरोप है कि दोनों भाइयों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे जय करण सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही त्रिकुंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है।
इधर हत्या की खबर फैलते ही गांव में तनाव का माहौल बन गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपियों के घर में आग लगा दी। सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण लंबे समय से चला आ रहा पारिवारिक जमीन विवाद सामने आया है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।