Skip to main content

BalrampurChhattisgarhLocal

मवेशी तस्करी मामले में फरार दो आरोपी झारखंड से गिरफ्तार।

बलरामपुर/सामरीपाठ

सामरीपाठ थाना पुलिस ने मवेशी तस्करी के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को झारखंड के गढ़वा जिले से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित पुलिस टीम ने की।

पुलिस के अनुसार 12 जुलाई 2026 की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुसमी की ओर से एक पिकअप वाहन में मवेशियों की तस्करी की जा रही है तथा उसके आगे एक कार रेकी कर रही है। सूचना पर ग्राम केरयापाठ के मुख्य मार्ग पर नाकेबंदी की गई। इस दौरान पुलिस को देखकर कार चालक यू-टर्न लेकर भागने लगा, जबकि पीछे चल रही पिकअप का चालक वाहन को तालाब के पास छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गया।

पुलिस ने पिकअप की तलाशी लेने पर उसमें क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंसकर भरे गए पांच भैंस और एक पाड़ी बरामद की। मौके से एक आर्टिगा कार (क्रमांक JH01ES-7168) भी जब्त की गई। बरामद मवेशियों की आवश्यक कार्रवाई करते हुए पुलिस ने वाहन जब्त कर मामला दर्ज किया।

इस संबंध में थाना सामरीपाठ में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

जांच के दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने झारखंड के गढ़वा जिले में दबिश देकर फरार आरोपी अलीराजा अंसारी (31 वर्ष) एवं शफी आलम (28 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *