एकलव्य विद्यालय पहुंचीं कलेक्टर, विद्यार्थियों से किया संवाद, पंचायत व्यवस्था की दी जानकारी।
बलरामपुर…
कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने बुधवार को एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, भेलवाडीह का निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं व्यवस्थागत गतिविधियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, विषयगत समझ और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली तथा उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन और निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों से उनके करियर संबंधी लक्ष्य पूछे और सामाजिक विज्ञान विषय से जुड़े प्रश्नों के माध्यम से उनकी विषयगत समझ का आकलन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को त्रिस्तरीय पंचायत व्यवस्था की कार्यप्रणाली एवं उसकी भूमिका के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों की नोटबुक का अवलोकन कर उनकी लेखन शैली, अध्ययन की गुणवत्ता और शैक्षणिक प्रगति का मूल्यांकन किया। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। स्पष्ट लक्ष्य, अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर परिश्रम से ही सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से समय का सदुपयोग कर मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने माता-पिता, विद्यालय और जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
इसके बाद कलेक्टर ने विद्यालय परिसर का भ्रमण कर कक्षाओं एवं अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया और बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, अपर कलेक्टर आर.एस. लाल, जिला शिक्षा अधिकारी एम.आर.यादव, सहायक आयुक्त सुश्री समीक्षा जायसवाल सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।