Skip to main content

BalrampurChhattisgarhLocal

कृषि नवाचार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने कंचननगर पहुंचे जिला पंचायत सीईओ, समूह आधारित उद्यमों के विस्तार पर जोर, लखपति दीदी अभियान से जुड़ने का आह्वान।

बलरामपुर। 

जिला पंचायत सीईओ डॉ.आशुतोष चतुर्वेदी ने विकासखंड रामचंद्रपुर के ग्राम कंचननगर में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों का निरीक्षण किया। उन्होंने समूहों द्वारा संचालित आजीविका गतिविधियों का अवलोकन कर महिलाओं का उत्साहवर्धन किया तथा आय बढ़ाने के लिए समूह आधारित उद्यमों के विस्तार पर बल दिया।

निरीक्षण के दौरान सीईओ ने शक्ति महिला स्वयं सहायता समूह की सदस्य श्रीमती रौशनी के यहां उपलब्ध कृषि उपकरणों का जायजा लिया और उनके संचालन, रखरखाव तथा साझा उपयोग की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कृषि यंत्रीकरण का अधिक से अधिक उपयोग कर उत्पादन लागत कम करने और आय बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयास करने की सलाह दी।

उन्होंने जमुना महिला स्वयं सहायता समूह की श्रीमती अनीता मंडल एवं महा सरस्वती महिला स्वयं सहायता समूह की श्रीमती दीपिका हालदार द्वारा मचान पद्धति से किए जा रहे सब्जी बीज उत्पादन और सिंचाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। इस दौरान मिट्टी परीक्षण, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, वैज्ञानिक जल प्रबंधन और उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाने के सुझाव दिए।

सीईओ ने स्वयं सहायता समूहों के बचत-ऋण संचालन, गतिविधि पंजी और अभिलेखों की भी जांच की। उन्होंने वित्तीय पारदर्शिता, नियमित लेखांकन और अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण पर विशेष जोर दिया। समूह की महिलाओं से संवाद करते हुए उन्होंने उन्हें ‘लखपति दीदी’ अभियान से जुड़कर आयवर्धन की दिशा में संगठित प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि समूह आधारित उद्यमों का विस्तार, क्लस्टर आधारित विपणन, आकर्षक पैकेजिंग, वैज्ञानिक भंडारण, प्रत्यक्ष बाजार संपर्क तथा शासकीय एवं बैंकिंग योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाकर महिलाएं स्वरोजगार के स्थायी अवसर विकसित कर सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *