Skip to main content

BalrampurChhattisgarhLocal

एकलव्य आवासीय विद्यालय में किशोर न्याय, साइबर सुरक्षा व बाल संरक्षण पर जागरूकता कार्यक्रम।

बलरामपुर…

एकलव्य आवासीय विद्यालय में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को बच्चों के अधिकार, सुरक्षा और संरक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में किशोर न्याय अधिनियम, साइबर अपराध से बचाव, सड़क सुरक्षा तथा गुड टच-बैड टच जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में कमलेश सिंह परमार अध्यक्ष बाल कल्याण समिति ने विद्यार्थियों को किशोर न्याय से जुड़े 16 सिद्धांतों की जानकारी देते हुए बताया गया कि प्रत्येक बच्चे के अधिकार, सम्मान, सुरक्षा और समग्र विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। साथ ही बच्चों के सर्वोत्तम हित को ध्यान में रखते हुए उनके साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करने पर जोर दिया गया।

विद्यालय के शिक्षकों एवं स्टाफ को बच्चों की गोपनीयता, गरिमा और निजता के संरक्षण संबंधी आवश्यक पहलुओं से अवगत कराया गया। उन्हें संवेदनशील मामलों में बच्चों की पहचान गोपनीय रखने, उनकी गरिमा बनाए रखने तथा कलंकित करने वाले शब्दों के प्रयोग से बचने की सलाह दी गई।

पुलिस विभाग की ओर से विद्यार्थियों को साइबर अपराध, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन ठगी और संदिग्ध लिंक से बचाव के उपाय बताए गए। साथ ही निजी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने की समझाइश दी गई।

कार्यक्रम में मोटर वाहन अधिनियम एवं सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी देते हुए हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग तथा यातायात नियमों के पालन के महत्व पर प्रकाश डाला गया। इसके अलावा गुड टच और बैड टच विषय पर बच्चों को जागरूक करते हुए बताया गया कि किसी भी अनुचित व्यवहार की स्थिति में वे बिना डर के अपने माता-पिता, शिक्षक या किसी विश्वसनीय व्यक्ति को तुरंत जानकारी दें।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को उनके अधिकारों, सुरक्षा एवं संरक्षण से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी देते हुए किसी भी असुरक्षित स्थिति में चुप न रहने और संबंधित विभाग से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के लिए सुरक्षित एवं संवेदनशील वातावरण सुनिश्चित करने के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *