कोठली में हरित विकास का नया अध्याय, एक ही स्थल पर लगाए गए 1717 नाशपाती के पौधे।
फलदार पौधों से पर्यावरण संरक्षण के साथ ग्रामीण आजीविका को मिलेगा संबल।
बलरामपुर…
कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (वीबी-जी रामजी) के अंतर्गत विकासखंड शंकरगढ़ के ग्राम कोठली में वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान एक ही स्थल पर 1717 नाशपाती के पौधे रोपित किए गए। इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ ग्रामीणों के लिए फल उत्पादन आधारित आजीविका के नए अवसर सृजित करना है।

कार्यक्रम में सामरी विधायक श्रीमती उद्देश्वरी पैंकरा ने पौधरोपण कर अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनके संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और समृद्ध भविष्य का आधार है।
जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने कहा कि फलदार पौधों का रोपण पर्यावरण संरक्षण के साथ महिला स्व-सहायता समूहों की आय बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बनेगा। उन्होंने इसे हरित विकास और सतत आजीविका की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, ग्रामीणों, महिला स्व-सहायता समूहों तथा स्कूली छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक पौधरोपण किया और पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया। पौधों की सिंचाई, सुरक्षा एवं नियमित देखभाल की जिम्मेदारी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को सौंपी जाएगी, जिससे पौधों का बेहतर संरक्षण सुनिश्चित हो सके।

इस अवसर पर ग्राम कोठली की श्रीमती प्रभावती दिवाकर ने अपनी बेटी ऋषिका रवि के नाम पर नाशपाती का पौधा लगाकर भावनात्मक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जिस तरह वह अपनी बेटी की देखभाल करती हैं, उसी तरह इस पौधे का भी पालन-पोषण करेंगी ताकि यह भविष्य में फल देकर प्रकृति का उपहार बने।
कार्यक्रम में कक्षा 10वीं की छात्रा गायत्री पैकरा ने भी पौधरोपण कर सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हिरामुनि निकुंज, जनपद अध्यक्ष श्रीमती चिंतामणि भगत, ग्राम पंचायत कोठली की सरपंच श्रीमती पुष्पा पैकरा, जनपद पंचायत सीईओ वेद प्रकाश पांडेय, सहायक संचालक उद्यान कमलेश साहू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।