नो-एंट्री तोड़ने वाले भारी वाहनों पर यातायात पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 98,600 रुपये का चालान।
बलरामपुर/रामानुजगंज…
नगर पालिका रामानुजगंज क्षेत्र में नो-एंट्री का उल्लंघन कर शहर के भीतर प्रवेश करने वाले भारी वाहनों के खिलाफ यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की। अभियान के दौरान कुल 41 प्रकरणों में 98,600 रुपये का शमन शुल्क वसूला गया।
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी द्वारा 20 जुलाई 2026 को जारी आदेश के अनुसार नगर पालिका रामानुजगंज क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है। निर्देशानुसार इन वाहनों का संचालन पहाड़ी मंदिर चौक–महाराणा प्रताप चौक–कनहर बैरियर (झारखंड) बाईपास मार्ग से किया जाना है, ताकि शहर में यातायात सुचारु रहे और आम नागरिकों को सुविधा मिल सके।

इसके बावजूद लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कई भारी वाहन चालक प्रतिबंधित मार्ग से पहाड़ी मंदिर चौक, चांदनी चौक और लरंगसाय चौक होते हुए अंतर्राज्यीय कनहर बैरियर की ओर आवागमन कर रहे हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के निर्देश पर 23 जुलाई की रात यातायात पुलिस ने विशेष जांच अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान मौके पर नो-एंट्री उल्लंघन के 20 प्रकरणों में 40 हजार रुपये, बिना सीट बेल्ट के दो प्रकरणों में एक हजार रुपये तथा अन्य एक प्रकरण में एक हजार रुपये का चालान किया गया। वहीं ऑनलाइन ई-चालान के माध्यम से नो-एंट्री के नौ प्रकरणों में 18 हजार रुपये तथा अन्य मामलों में 38,600 रुपये की कार्रवाई की गई।
विशेष अभियान के दौरान कुल 29 नो-एंट्री प्रकरणों में 58 हजार रुपये, सीट बेल्ट उल्लंघन के दो प्रकरणों में एक हजार रुपये तथा अन्य 10 प्रकरणों में 39,600 रुपये सहित कुल 41 मामलों में 98,600 रुपये का शमन शुल्क वसूला गया।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे नो-एंट्री एवं अन्य यातायात नियमों का पालन करें तथा भारी वाहनों का संचालन केवल निर्धारित बाईपास मार्ग से करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।