एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत रानी दुर्गावती महाविद्यालय में वृक्षारोपण।
वाड्रफनगर/ बलरामपुर…
शासन की महत्वाकांक्षी “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत शासकीय रानी दुर्गावती महाविद्यालय, वाड्रफनगर में शुक्रवार को वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा युवाओं को प्रकृति संरक्षण के लिए प्रेरित करना रहा।
महाविद्यालय परिसर में छायादार एवं औषधीय प्रजातियों के पौधे लगाए गए। इस दौरान प्राचार्य डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने कहा कि वृक्ष पृथ्वी पर जीवन का आधार हैं। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के दौर में प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने घर और गांव में भी पौधारोपण कर दूसरों को प्रेरित करने का आह्वान किया।
सहायक प्राध्यापक डॉ. रजनीकांत साहू ने रुद्राक्ष का पौधा रोपित करते हुए कहा कि पौधा लगाना ही नहीं, बल्कि उसे जीवित रखना सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। वहीं वरिष्ठ सहायक प्राध्यापक डॉ. तोयज शुक्ला ने कहा कि वृक्षारोपण अभियान तभी सफल होगा, जब लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।
कार्यक्रम में जगदीश खुसरो, पंकज कुमार सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। सभी ने पौधारोपण कर पौधों के संरक्षण तथा “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण के सामूहिक संदेश के साथ हुआ।