Skip to main content

BalrampurChhattisgarhLocal

राष्ट्रीय सुजल ग्राम संवाद में कोटडीह ने किया छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व।

जल जीवन मिशन की सफलता और जल संरक्षण मॉडल को राष्ट्रीय मंच पर मिली सराहना।

बलरामपुर…

जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग द्वारा आयोजित राष्ट्रीय सुजल ग्राम संवाद के नौवें चरण में बलरामपुर-रामानुजगंज जिले की ग्राम पंचायत कोटडीह ने छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस संवाद में हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, जम्मू-कश्मीर सहित विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

संवाद के दौरान राष्ट्रीय जल जीवन मिशन के मिशन संचालक ने ग्राम पंचायत कोटडीह के प्रतिनिधियों से गांव में पेयजल की उपलब्धता, जल जीवन मिशन से आए सकारात्मक बदलाव, जल बहिनियों द्वारा फील्ड टेस्ट किट से पेयजल गुणवत्ता परीक्षण, उपयोगकर्ता शुल्क, योजना के संचालन एवं संधारण तथा सामुदायिक सहभागिता की जानकारी ली।

कार्यक्रम में जल शक्ति मंत्रालय के अधिकारियों ने ग्राम पंचायत की सरपंच, सचिव एवं जल बहिनियों से विशेष चर्चा कर पेयजल व्यवस्था और योजना के सफल संचालन के अनुभव साझा किए। साथ ही ग्रामीणों को जल संरक्षण, जल के जिम्मेदार उपयोग तथा जल स्रोतों के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी भी संवाद में शामिल हुईं। उन्होंने जिले में जल जीवन मिशन के तहत किए जा रहे कार्यों, जल स्रोत संरक्षण एवं संवर्धन के लिए विकसित भारत-ग्रामीण रोजगार एवं आजीविका मिशन के समन्वय से किए जा रहे प्रयासों तथा आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी।

कलेक्टर ने जिले में सोर्स सस्टेनेबिलिटी को मजबूत बनाने के लिए अपनाए गए 5 प्रतिशत स्ट्रक्चर मॉडल, सोख्ता गड्ढों सहित विभिन्न जल संरक्षण संरचनाओं के निर्माण और उनके सकारात्मक परिणामों की भी जानकारी साझा की। जिले द्वारा जल संरक्षण एवं स्रोत संवर्धन के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों और प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर सराहना की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *