वाड्रफनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बाइक चोरी के दो मामलों का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार।
बलरामपुर…..
जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस चौकी वाड्रफनगर ने मोटरसाइकिल चोरी के दो अलग-अलग मामलों का सफल खुलासा करते हुए कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद कर सभी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, पहले मामले में नगर पंचायत वाड्रफनगर के वार्ड क्रमांक 9 निवासी जयदेव कुशवाहा ने 29 जून 2026 को अपनी हीरो मोटरसाइकिल क्रमांक CG 30 Z 7930 चोरी होने की रिपोर्ट चौकी वाड्रफनगर में दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि रात में घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल सुबह गायब मिली। काफी तलाश के बाद भी वाहन का पता नहीं चलने पर पुलिस में शिकायत की गई।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने समीर ईकाई (निवासी चिरापानी, थाना सनावल) एवं संतोष पण्डो (निवासी पिपरियापान, थाना सनावल) को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उनके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इसी प्रकार दूसरे मामले में भी वाड्रफनगर चौकी में दर्ज मोटरसाइकिल चोरी की शिकायत की जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की बाइक बेचने की तैयारी की जा रही है। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने समीर ईकाई एवं उपेन्द्र कुमार को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹20 हजार बताई गई है। पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए 27 जुलाई 2026 को न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने में सफलता मिली है। दोनों मामलों की विस्तृत विवेचना अभी जारी है।