उर्वरकों के अवैध परिवहन पर संयुक्त कार्रवाई, 3 मीट्रिक टन डीएपी खाद सहित पिकअप जब्त।

बलरामपुर…
जिले में उर्वरकों के अवैध परिवहन, विक्रय एवं भंडारण पर रोक लगाने के लिए प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में वाड्रफनगर विकासखंड के ग्राम रघुनाथनगर में कृषि विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 मीट्रिक टन (60 बोरी) डीएपी खाद से लदी एक पिकअप वाहन को जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार थाना रघुनाथनगर पुलिस ने यूपी 64 टी 3538 क्रमांक की पिकअप वाहन की जांच की। जांच के दौरान वाहन में 60 बोरी डीएपी खाद मिली। वाहन चालक अशोक कुमार से खाद के परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई भी वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
दस्तावेजों के अभाव में खाद का परिवहन अवैध पाए जाने पर संयुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए डीएपी खाद सहित पिकअप वाहन को जब्त कर लिया। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी धीरेन्द्र तिवारी, उर्वरक निरीक्षक भूपेश गुप्ता, वरिष्ठ विकास अधिकारी तथा ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी (आरएईओ) सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।