Skip to main content

BalrampurChhattisgarhRamanujganj

रामानुजगंज में किराना दुकान में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक।

रामानुजगंज/ बलरामपुर…

नगर के वार्ड क्रमांक 11 स्थित एक किराना दुकान में सोमवार देर रात भीषण आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। समय रहते स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आग आसपास की दुकानों तक नहीं फैल सकी और एक बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार किराना दुकान संचालक संतोष केसरी को मोहल्ले के एक व्यक्ति ने रात करीब 2 बजे सूचना दी कि उनकी दुकान से धुआं निकल रहा है। सूचना मिलते ही वे तत्काल मौके पर पहुंचे। उनका घर दुकान से सटा हुआ है। दुकान का शटर खोलते ही अंदर आग विकराल रूप ले चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा लगातार पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया। हालांकि तब तक दुकान में रखा किराना सामान, दैनिक उपयोग की वस्तुएं और अन्य सामग्री पूरी तरह जल चुकी थी। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस अग्निकांड में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं दुकानदार संतोष केसरी का कहना है कि वह प्रतिदिन दुकान की बिजली बंद कर ही घर जाते हैं। ऐसे में उन्हें संदेह है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने जानबूझकर आग लगाई हो सकती है।

घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। पीड़ित दुकानदार ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर नुकसान का आकलन कराने तथा आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। पुलिस एवं संबंधित विभाग आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच में जुटे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *