Skip to main content

BalrampurChhattisgarhLocal

बलरामपुर में 15 सितंबर को रोजगार मेला, 610 से अधिक पदों पर ऑन-द-स्पॉट चयन।

बलरामपुर…..

जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र द्वारा 15 सितंबर, मंगलवार को जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला श्रीराम चौक/मिशन चौक के समीप स्थित जनपद पंचायत सभाकक्ष, बलरामपुर में सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा। मेले में चार निजी कंपनियां 610 से अधिक पदों पर मौके पर ही साक्षात्कार लेकर चयन करेंगी।

कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने जिले के रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में रोजगार मेले में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह मेला युवाओं के लिए अपने ही जिले में निजी कंपनियों से सीधे जुड़ने का बेहतर अवसर है। भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है। उन्होंने युवाओं से ऑनलाइन आवेदन पूर्ण कर आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित समय पर मेला स्थल पहुंचने की अपील की।

जिला रोजगार अधिकारी दिवाकर लाल टांडिया ने बताया कि रोजगार मेले में श्रमिन टैलेंट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन के 20 पदों पर भर्ती की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति बलरामपुर में ही होगी तथा उन्हें 15,100 से 18,000 रुपये मासिक वेतन के साथ पेट्रोल भत्ता भी मिलेगा।

इसी तरह फाइंड दक्ष, भिलाई द्वारा बैंक असिस्टेंट, मार्केटिंग, सेल्स, फिटर-वेल्डर, सुरक्षा एवं हाउसकीपिंग सहित 125 पदों पर 10 से 25 हजार रुपये मासिक वेतन पर भर्ती की जाएगी। अलर्ट एसजीएस प्राइवेट लिमिटेड, रायपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड, सुपरवाइजर एवं कंप्यूटर ऑपरेटर सहित 317 पदों पर 15 से 40 हजार रुपये तक तथा फायर, सेफ्टी एंड डिजास्टर मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट, भिलाई द्वारा फायरमैन, सुरक्षा गार्ड, फूड पैकेजिंग, ड्राइवर एवं वार्ड बॉय के 155 पदों पर 8 से 18 हजार रुपये मासिक वेतन पर चयन किया जाएगा।

रोजगार मेले में आठवीं से स्नातकोत्तर तक के शिक्षित युवा, आईटीआई, डीसीए एवं फायर सेफ्टी डिप्लोमाधारी अभ्यर्थी अपनी योग्यता के अनुसार आवेदन कर सकते हैं। ड्राइवर पद के लिए भारी वाहन चलाने का लाइसेंस अनिवार्य है। चयनित अभ्यर्थियों को बलरामपुर, अंबिकापुर, बिलासपुर, रायपुर, भिलाई सहित प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर रोजगार का अवसर मिलेगा।

*ऑनलाइन आवेदन और दस्तावेज जरूरी*

मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को erojgar.cg.gov.in पोर्टल अथवा सीजी रोजगार ऐप पर जाकर बलरामपुर जिला रोजगार मेले का चयन कर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन का प्रिंटआउट साक्षात्कार के समय प्रस्तुत करना होगा।

अभ्यर्थियों को आधार अपडेटेड जीवित रोजगार पंजीयन प्रमाण पत्र, शैक्षणिक दस्तावेजों की मूल एवं छायाप्रति, आधार कार्ड, निवास एवं जाति प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक की छायाप्रति तथा दो पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *