कलेक्टर ने समूह की दीदियों से खरीदी राखियां, स्थानीय उत्पादों को दिया प्रोत्साहन।
बलरामपुर….
रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर संयुक्त जिला कार्यालय परिसर में स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा लगाए गए हस्तनिर्मित राखी स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने स्टॉल पर पहुंचकर समूह की दीदियों द्वारा तैयार की गई राखियों का अवलोकन किया और अपने भाइयों के लिए राखियों की खरीदारी की। कलेक्टर को राखियां खरीदते देख समूह की महिलाओं के चेहरे पर खुशी और उत्साह नजर आया।

विशेष आकर्षण धान, चावल एवं गेहूं जैसे स्थानीय कृषि उत्पादों से तैयार की गई राखियां रहीं। कलेक्टर ने इन राखियों की सराहना करते हुए स्व-सहायता समूह की महिलाओं से इनके निर्माण एवं बिक्री के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए स्थानीय स्तर पर तैयार उत्पादों को अधिक से अधिक प्रोत्साहित करने की बात कही।
कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने कहा कि स्व-सहायता समूह की दीदियों द्वारा स्थानीय संसाधनों से तैयार किए जा रहे उत्पाद महिलाओं की मेहनत, हुनर और आत्मनिर्भरता की पहचान बन रहे हैं। ऐसे उत्पाद महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

इस दौरान जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने भी राखियों की खरीदारी कर स्व-सहायता समूह की महिलाओं का उत्साहवर्धन किया। वहीं संयुक्त जिला कार्यालय पहुंचे अधिकारी-कर्मचारियों एवं ग्रामीणों ने भी स्टॉल से राखियां खरीदीं और महिलाओं के हस्तनिर्मित उत्पादों को प्रोत्साहित किया।