Skip to main content

BalrampurChhattisgarhLocal

दहेज प्रताड़ना से परेशान नवविवाहिता ने तालाब में कूदकर दी जान, पति और ससुर गिरफ्तार।

सनावल/ बलरामपुर….

बलरामपुर जिले के सनावल थाना क्षेत्र के ग्राम सेमरवा में दहेज प्रताड़ना से परेशान एक नवविवाहिता द्वारा तालाब में कूदकर आत्महत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने उसके पति और ससुर को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, 9 सितंबर 2026 को नवविवाहिता दोपहर करीब 2 बजे घास काटने के लिए पियाह नाला की ओर गई थी। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान गांव के पास स्थित एक छोटे तालाब में जाल डालकर तलाश करने पर महिला का शव जाल में फंसा मिला। मामले की सूचना थाना सनावल में दी गई, जिसके बाद मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई।

मर्ग जांच के दौरान परिजनों एवं अन्य गवाहों के बयान लिए गए। जांच में सामने आया कि शादी के करीब एक माह बाद से ही दहेज में फ्रिज, वॉशिंग मशीन और अंगूठी नहीं देने की बात को लेकर महिला को उसके पति, सास और ससुर द्वारा कथित रूप से प्रताड़ित किया जाता था। पुलिस जांच में प्रथम दृष्टया दहेज प्रताड़ना के कारण महिला द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात सामने आने पर थाना सनावल में धारा 80, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

विवेचना के दौरान आरोपी दिलीप कुमार (26 वर्ष), पिता सुरेश यादव तथा सुरेश यादव (53 वर्ष), पिता विंधेश्वर यादव, दोनों निवासी ग्राम सेमरवा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

इस कार्रवाई में एसडीओपी बाजीलाल सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक बृजलाल भारद्वाज, सहायक उप निरीक्षक गौटिया राम मराबी, कपिल साय, आरक्षक प्रेमलाल कुजूर एवं अमृत सोनवानी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *