डीएवी एमपीएस प्रेमनगर में जन्माष्टमी एवं शिक्षक दिवस पर छाया उल्लास।
राधा-कृष्ण वेशभूषा, मटकी-बांसुरी सजावट और मटकी फोड़ प्रतियोगिता ने मोहा मन।
वाड्रफनगर/ बलरामपुर……
बलरामपुर जिले के डीएवी एमपीएस प्रेमनगर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं शिक्षक दिवस का पर्व हर्षोल्लास, उमंग और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय एवं उत्सवमय नजर आया।

कार्यक्रम के दौरान नर्सरी से कक्षा 3 तक के विद्यार्थियों के लिए राधा-कृष्ण वेशभूषा पर आधारित फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आयोजित की गई। नन्हे-मुन्ने विद्यार्थी राधा और कान्हा के आकर्षक रूप में सजे नजर आए। उनकी मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी का दिल जीत लिया।
कक्षा 4 से 8 तक के विद्यार्थियों ने मटकी एवं बांसुरी सजावट प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए आकर्षक ढंग से मटकी एवं बांसुरी सजाईं।

वहीं कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थियों के लिए आयोजित मटकी फोड़ प्रतियोगिता ने कार्यक्रम में रोमांच भर दिया। विद्यार्थियों के उत्साह और जोश से विद्यालय परिसर तालियों एवं जयकारों से गूंज उठा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के साथ शिक्षक दिवस भी उत्साहपूर्वक मनाया गया। विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त करते हुए विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से शिक्षकों के प्रति अपनी भावनाएं प्रकट कीं। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। विद्यालय के प्राचार्य अंशु कुमार यादव ने विद्यार्थियों एवं समस्त शिक्षकगण को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़े ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में संस्कार, रचनात्मकता, आत्मविश्वास तथा गुरुजनों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करते हैं।
कार्यक्रम का समापन हर्षोल्लास, भक्ति और गुरुजनों के सम्मान की भावना के साथ हुआ।