15 अगस्त ड्राई डे पर शराब बेच रहा था ऑटो चालक, आबकारी टीम ने दबोचा।
अम्बिकापुर….
15 अगस्त के ड्राई डे के दौरान अवैध रूप से शराब बेचने के मामले में आबकारी उड़नदस्ता टीम ने बाबूपारा निवासी आनंद सोनी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ऑटो चालक है और उसके कब्जे से बड़ी मात्रा में विदेशी मदिरा बरामद की गई है।
आबकारी विभाग की टीम ने कार्रवाई के दौरान आरोपी के ऑटो से 7 नग 8 पीएम व्हिस्की बरामद की। इसके अलावा घर में रखे फ्रिज से 12 नग सिंबा और 6 नग गॉड फादर बीयर जब्त की गई। कमरे की तलाशी लेने पर 13 नग व्हिस्की और 16 बीयर केन भी मिले।
कार्रवाई में आबकारी टीम ने कुल 27.2 लीटर विदेशी मदिरा जब्त की। शराब के परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे ऑटो और शराब रखने के लिए इस्तेमाल फ्रिज को भी सीज कर दिया गया।
आबकारी विभाग ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।