गाय की हत्या कर मांस खाने के आरोप में 9 गिरफ्तार, रनहत पुलिस ने की कार्रवाई।
चंदौरा गांव में गाय के चार कटे पैर मिलने के बाद खुला मामला।
बलरामपुर-रामानुजगंज।
बलरामपुर जिले के चलगली थाना क्षेत्र के रनहत चौकी अंतर्गत ग्राम चंदौरा में गाय की हत्या कर उसका मांस खाने के आरोप में पुलिस ने 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 325, 3(5) बीएनएस तथा छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2005 की धारा 4, 6 एवं 10 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम चंदौरा निवासी सुदन हड्डे ने रनहत चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 23 सितंबर 2026 को उसकी लाल रंग की गाय चराने के दौरान जंगल में कहीं गुम हो गई थी। आसपास काफी तलाश करने के बाद भी गाय का पता नहीं चला। इसके बाद 24 सितंबर को गाय के चार कटे हुए पैर धर्मजीत अगरिया के घर के पास शौचालय के लिए बनाए गए सोखते में मिलने की जानकारी सामने आई।
मामले की जानकारी मिलने के बाद गांव में पंचायत स्तर पर बैठक कर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा गाय को मारकर उसका मांस खाने की बात बताई गई। इसके बाद रनहत पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी 9 आरोपियों को उनके निवास स्थान से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया।
*गिरफ्तार आरोपी*
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में राजेश कुम्हरिया पिता जगरनाथ, निवासी भगवानपुर हाल चंदौरा; प्रदीप चरगट पिता स्व. शिवा चरगट, धर्मजीत अगरिया पिता स्व. मनोहर अगरिया, रविशंकर पिता स्व. शिवलाल, अमरसाय पिता स्व. शनिचरा, नघुराम पिता स्व. रामप्रसाद, कोमला पिता स्व. धोबिया, फुलबसिया पिता राजेश कुम्हरिया तथा रेशमा उर्फ हुगली पति जयकरण अगरिया, सभी निवासी ग्राम चंदौरा, चौकी रनहत क्षेत्र शामिल हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में पुलिस द्वारा आगे की विवेचना की जा रही है।