Skip to main content

BalrampurChhattisgarhLocal

लोन दिलाने के नाम पर 32.52 लाख की धोखाधड़ी, आरोपी गिरफ्तार।

शंकरगढ़/ बलरामपुर…

बैंक कर्मचारियों से मिलीभगत कर लोन की राशि का 60 प्रतिशत खुद रखने, किस्त पटाने और 40 प्रतिशत राशि संबंधित व्यक्ति को देने का झांसा देकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में शंकरगढ़ पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी श्रवण कुमार निवासी खैराडीह शंकरगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार शंकरगढ़ वार्ड क्रमांक 11 निवासी फूलचन्द्र मिंज ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि शिवशंकर दास, दीपक कुमार टोप्पो और श्रवण कुमार द्वारा बैंक कर्मचारियों के साथ मिलकर लोन दिलाने का झांसा दिया गया। आरोपियों ने लोन की राशि का 60 प्रतिशत अपने पास रखने, किस्त जमा करने तथा 40 प्रतिशत राशि प्रार्थी को देने की बात कही थी। इसी झांसे में प्रार्थी से लोन निकलवाकर 32 लाख 52 हजार 500 रुपये की राशि यूपीआई, आरटीजीएस और एनईएफटी के माध्यम से गबन किए जाने का आरोप है।

शिकायत में अन्य शिक्षकों से भी लोन निकलवाकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी किए जाने की बात सामने आई है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर शंकरगढ़ थाने में धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी श्रवण कुमार को 29 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मामले के दो मुख्य आरोपियों को पूर्व में थाना गांधीनगर, जिला सरगुजा तथा कोंडागांव और नारायणपुर के मामलों में गिरफ्तार किया जा चुका है और वे वर्तमान में जेल में निरुद्ध हैं।

पुलिस के मुताबिक मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है। विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की कार्रवाई भी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *