क्रूरतापूर्वक ले जाए जा रहे 5 भैंसों को पुलिस ने बचाया, एक आरोपी गिरफ्तार।
वाड्रफनगर/ बलरामपुर…..
बसंतपुर पुलिस ने पशुओं की अवैध तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पांच भैंसों को क्रूरतापूर्वक उत्तर प्रदेश ले जाए जाने से बचाया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, 4 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति पांच भैंसों को मारते-पीटते हुए वध के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश की ओर ले जा रहा है। सूचना पर थाना बसंतपुर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम उमेश कुमार यादव (32 वर्ष), निवासी ग्राम कुंदी, थाना बसंतपुर बताया। उसके कब्जे से पांच भैंसों को बरामद कर सुरक्षित कब्जे में लिया गया।
जांच के दौरान आरोपी ने बताया कि वह उत्तर प्रदेश के एक अन्य व्यक्ति के कहने पर मवेशियों को हांककर ले जा रहा था, जिसके एवज में उसे 2,500 रुपये मिलने थे। मामले में पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11 तथा छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 के तहत अपराध दर्ज किया है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर पेश कर दिया है। मामले में अन्य आरोपी की तलाश जारी है।