आगामी त्योहारों को लेकर पुलिस अलर्ट, एसपी वैभव बैंकर ने की अपराध समीक्षा बैठक।
एक साल से अधिक समय से लंबित गंभीर अपराधों के त्वरित निराकरण के निर्देश, साइबर अपराध, एनडीपीएस, महिला अपराध और यातायात व्यवस्था की हुई समीक्षा।
बलरामपुर-रामानुजगंज।
आगामी त्योहारों और जिले में लंबित मामलों को लेकर पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने 26 सितंबर को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिले में लंबित अपराध, मर्ग, गुमशुदगी, गंभीर अपराध, एनडीपीएस, साइबर अपराध, महिला एवं बाल अपराध, यातायात व्यवस्था, कानून-व्यवस्था तथा प्रतिबंधात्मक कार्रवाई सहित विभिन्न पुलिसिंग गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने एक वर्ष से अधिक समय से लंबित गंभीर अपराधों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। साथ ही लंबित चीटफंड एवं धोखाधड़ी के मामलों, शिकायतों तथा पीड़ित मुआवजा योजनाओं से जुड़े प्रकरणों को प्राथमिकता से निपटाने पर जोर दिया गया। उन्होंने थाना प्रभारियों को पीड़ितों की शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

*गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश और ऑपरेशन मुस्कान पर जोर*
गुमशुदा व्यक्तियों के मामलों की समीक्षा करते हुए एसपी ने ऐसे मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने और गुमशुदा लोगों की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास करने के निर्देश दिए। ऑपरेशन मुस्कान के तहत गुमशुदा बच्चों की तलाश, बरामदगी और उनके पुनर्वास पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।
*नशे के कारोबार पर सख्ती, जब्त वाहनों की राजसाती कार्रवाई के निर्देश*
एनडीपीएस मामलों की समीक्षा के दौरान पुलिस अधीक्षक ने नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए। एनडीपीएस प्रकरणों में जब्त वाहनों की राजसाती कार्रवाई, नशे के कारोबार की वित्तीय जांच तथा उसके बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की पड़ताल पर भी जोर दिया गया। साथ ही नशा मुक्ति अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।
*साइबर अपराध के नए तरीकों से लोगों को किया जाएगा जागरूक*
15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के तहत अधिक से अधिक लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए। बैठक में म्यूल अकाउंट, पॉइंट ऑफ सेल इन्वेस्टिगेशन, सोशल इंजीनियरिंग, फेक APK, ओटीपी फ्रॉड सहित साइबर अपराध के नए तौर-तरीकों पर चर्चा की गई। पुलिस कर्मियों को साइबर अपराधों की जांच के लिए प्रशिक्षित करने तथा आईटी अधिनियम से जुड़े मामलों के त्वरित निराकरण पर भी जोर दिया गया।
*महिला और बाल अपराधों को प्राथमिकता देने के निर्देश*
महिला संबंधी अपराधों की समीक्षा करते हुए एसपी ने पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पॉक्सो अधिनियम से जुड़े मामलों की जांच में तेजी लाने और ऐसे प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर विशेष जोर दिया गया।
*यातायात नियम तोड़ने वालों पर प्रभावी कार्रवाई*
यातायात व्यवस्था की समीक्षा के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने, बिना हेलमेट एवं सीट बेल्ट, ट्रिपल सवारी, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, ओवरलोडिंग और ओवरस्पीडिंग जैसे मामलों में प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाने तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।
*कानून-व्यवस्था और बेसिक पुलिसिंग पर विशेष जोर*
पुलिस अधीक्षक ने जिले की कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त और निगरानी को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई को मजबूत करने तथा संभावित अपराधों की रोकथाम के लिए समय रहते आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया।
बैठक के अंत में एसपी वैभव बैंकर ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने तथा जनता की सुरक्षा और सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने अनुशासन, ईमानदारी और मेहनत के साथ पुलिसिंग करने पर जोर दिया।
बैठक में वाड्रफनगर एसडीओपी रामअवतार ध्रुव, एसडीओपी कुसमी अलेक्सिस टोप्पो, रामानुजगंज एसडीओपी राजेश बांगड़े, डीएसपी हेड क्वार्टर प्रमोद किस्पोट्टा, डीएसपी अजाक कमलेश्वर भगत सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी, रक्षित निरीक्षक तथा पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।