पुलिस ने सुलझाया सनसनीखेज हत्या का मामला, पति-पत्नी गिरफ्तार।
जंगल में गड्ढे के पास मिला था सिर कटा शव, मोबाइल पर बुलाकर हत्या करने का आरोप।
बलरामपुर…..
जिले के डौरा पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ग्राम कोटदेही निवासी सोनू खैरवार और उसकी पत्नी मनबासो के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ धारा 140(3) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कोदौरा निवासी वसीम अंसारी 2 अक्टूबर की शाम करीब 6 बजे अपनी एक्टिवा स्कूटी से गांव जाने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसके बाद उसके भाई अजीम अंसारी ने चौकी डौरा में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
अगले दिन 3 अक्टूबर की सुबह करीब 8 बजे वसीम की एक्टिवा स्कूटी क्रमांक CG15CQ3388 मक्का बाड़ी के पास मिली, लेकिन वसीम का कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
*जंगल में मिला सिर कटा शव*
जांच के दौरान ग्रामीणों से पुलिस को ग्राम भीतर बिलमा उबका जंगल में नाला के पास एक गड्ढे में व्यक्ति का कटा हुआ सिर पड़े होने की सूचना मिली। सूचना पर डौरा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और मृतक के भाई से पहचान एवं तस्दीक कराए जाने पर शव की पहचान वसीम अंसारी के रूप में हुई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान सोनू खैरवार और उसकी पत्नी मनबासो पर पुलिस का संदेह गहराया।
*मोबाइल पर बुलाकर हत्या करने का आरोप*
पुलिस के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि मनबासो ने 2 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे वसीम को मोबाइल फोन कर मिलने के लिए बुलाया था। वसीम के पहुंचने के बाद मनबासो और उसके पति सोनू ने कथित रूप से कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस के मुताबिक हत्या के बाद आरोपियों ने अपराध छिपाने के उद्देश्य से शव के सिर और धड़ को अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया था। आरोपियों से पूछताछ और उनके द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से हत्या की गुत्थी सुलझने और आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर क्षेत्र में पुलिस की कार्रवाई की चर्चा है।