Skip to main content

BalrampurChhattisgarhLocalRamanujganj

रामानुजगंज की वन वाटिका बनेगी पर्यटन का नया केंद्र, कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने किया 1.49 करोड़ के ईको पर्यटन कार्यों का भूमिपूजन।

नौका विहार, चिल्ड्रन पार्क और ओपन जिम जैसी सुविधाओं से सजेगी वन वाटिका, बायोडायवर्सिटी पार्क के रूप में मिलेगी नई पहचान।

रामानुजगंज/ बलरामपुर….

रामानुजगंज की वन वाटिका आने वाले समय में शहर के प्रमुख पर्यटन केंद्र के साथ ही पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता की मिसाल बनेगी। वन वाटिका को आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए 1 करोड़ 49 लाख 70 हजार रुपये के ईको पर्यटन विकास कार्यों का भूमिपूजन कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने किया। वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के वनमंडल बलरामपुर द्वारा पर्यावरण वानिकी योजना के तहत यहां बाल वाटिका, जल वाटिका और सौंदर्य वाटिका सहित विभिन्न सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इससे वन वाटिका को नया स्वरूप मिलने के साथ ही रामानुजगंज में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

*नौका विहार से लेकर ओपन जिम तक, मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं*

वन वाटिका के विकास के लिए तैयार कार्ययोजना के तहत यहां बच्चों के मनोरंजन के लिए चिल्ड्रन प्ले एरिया, पैगोड़ा और साइनेज बोर्ड बनाए जाएंगे। वहीं जल वाटिका में नौका विहार को आकर्षक बनाने के लिए फ्लोटिंग प्लेटफॉर्म और पैडल बोट की सुविधा विकसित की जाएगी। जलक्षेत्र के विस्तार और संरक्षण के लिए आरसीसी ब्रिज, फेंसिंग, टो-वॉल तथा बांध के गहरीकरण का कार्य भी कराया जाएगा।

इसी तरह सौंदर्य वाटिका के अंतर्गत उद्यान का उन्नयन, ओपन जिम, बैडमिंटन कोर्ट शेड, शौचालय और स्वच्छ पेयजल के लिए वाटर फिल्टर की व्यवस्था की जाएगी। इन सुविधाओं के विकसित होने से वन वाटिका नागरिकों के लिए मनोरंजन, स्वास्थ्य और प्रकृति के करीब समय बिताने का बेहतर स्थान बनेगी।

*शहर का ऑक्सीजन जोन बनेगी वन वाटिका : नेताम*

भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि वन वाटिका को जिले ही नहीं, बल्कि प्रदेश स्तर पर एक अलग पहचान दिलाने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रस्ताव भेजे जाने के एक माह के भीतर स्वीकृति मिलना क्षेत्र के विकास के प्रति शासन की गंभीरता को दर्शाता है।

उन्होंने वन वाटिका को शहर का ऑक्सीजन जोन बताते हुए कहा कि यहां होने वाले विकास कार्य पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बेहतर उदाहरण बनेंगे। स्थानीय वनस्पतियों और जलीय जैव विविधता का संरक्षण करते हुए इस क्षेत्र को बायोडायवर्सिटी पार्क के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे लोगों को प्राकृतिक वातावरण में समय बिताने का अवसर मिलेगा और विद्यार्थियों को भी प्रकृति तथा पर्यावरण संरक्षण के संबंध में सीखने का बेहतर माध्यम उपलब्ध होगा।

*पर्यटन बढ़ेगा तो रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे*

कृषि मंत्री ने कहा कि बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। यहां कई ऐसे पर्यटन स्थल मौजूद हैं, जिन्हें अभी तक व्यापक पहचान नहीं मिल पाई है। सरकार का प्रयास है कि इन स्थलों को विकसित कर पर्यटन के मानचित्र पर स्थापित किया जाए। उन्होंने कहा कि पर्यटन गतिविधियों में वृद्धि होने से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

उन्होंने वन वाटिका में ही प्रशिक्षण कार्यशाला की व्यवस्था विकसित करने की बात कही, ताकि स्थानीय युवाओं को पर्यटन से जुड़ी सेवाओं के लिए प्रशिक्षित किया जा सके। साथ ही उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से वन वाटिका का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील की, जिससे अधिक से अधिक पर्यटक यहां पहुंच सकें और स्थानीय अर्थव्यवस्था को लाभ मिले।

*नगर के विकास को मिलेगी नई गति : रमन अग्रवाल*

नगर पालिका परिषद रामानुजगंज के अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने वन वाटिका के विकास के लिए कृषि मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वन वाटिका का उन्नयन नगरवासियों के लिए गौरव की बात है। इसके विकसित होने से शहर को एक सुंदर, हरित और व्यवस्थित सार्वजनिक स्थल मिलेगा। साथ ही पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि कृषि मंत्री रामविचार नेताम की पहल से क्षेत्र में सड़क, पुल-पुलिया, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं का निरंतर विस्तार हो रहा है। शासन जनता की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देकर विकास कार्यों को आगे बढ़ा रहा है।

*पांच थीम पर होगा वन वाटिका का विकास*

वनमंडलाधिकारी आलोक कुमार बाजपेयी ने वन वाटिका के उन्नयन की कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए बताया कि पार्क का विकास पांच थीम पर किया जाएगा। पहले चरण में बाल वाटिका, जल वाटिका और सौंदर्य वाटिका पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। यहां मनोरंजन, पर्यटन, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि स्थानीय वनस्पतियों और जलीय जैव विविधता के संरक्षण के साथ विकसित होने वाला यह पार्क विद्यार्थियों के लिए प्रकृति को समझने का केंद्र बनेगा। वहीं आम नागरिकों को स्वास्थ्य, मनोरंजन और प्राकृतिक वातावरण का लाभ मिलेगा। विकास कार्य पूरे होने के बाद वन वाटिका बायोडायवर्सिटी पार्क के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर सकेगी।

*जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में लोग रहे उपस्थित*

कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद रामानुजगंज की उपाध्यक्ष शीला जायसवाल, जनपद पंचायत रामचन्द्रपुर के अध्यक्ष मुंद्रिका सिंह एवं उपाध्यक्ष सुनील तिवारी, जिला पंचायत सदस्य बद्री यादव, मितगई के सरपंच श्यामलाल मरावी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान वन्यजीव संरक्षण सप्ताह के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *