Skip to main content

BalrampurLocal

सिकल सेल प्रभावित बच्चों के लिए रोगी सहायता समूह की बैठक, उपचार और देखभाल की दी जानकारी….

बलरामपुर….

जिले में सिकल सेल रोग से प्रभावित बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने और नियमित उपचार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला चिकित्सालय बलरामपुर में रोगी सहायता समूह की बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय सिंह के नेतृत्व में जिला स्वास्थ्य समिति ने यूनिसेफ के तकनीकी सहयोग से यह कार्यक्रम आयोजित किया।

बैठक में सिकल सेल से प्रभावित 51 बच्चों और 38 अभिभावकों सहित स्वास्थ्य विभाग, यूनिसेफ एवं एकम फाउंडेशन के प्रतिनिधियों समेत कुल 104 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सिकल सेल रोग की समय पर पहचान, नियमित स्वास्थ्य जांच, उपचार, संक्रमण से बचाव, संतुलित पोषण, पूर्ण टीकाकरण और नियमित फॉलो-अप के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समय पर उपचार और लगातार निगरानी से रोग के दुष्प्रभावों को काफी हद तक कम कर प्रभावित बच्चों को बेहतर जीवन दिया जा सकता है। साथ ही विवाह पूर्व सिकल सेल जांच कराने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।

संवादात्मक सत्र में अभिभावकों ने बच्चों के उपचार और देखभाल से जुड़े अपने अनुभव एवं समस्याएं साझा कीं। विशेषज्ञों ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, आवश्यक जांच, रेफरल सुविधा और चिकित्सकीय परामर्श की जानकारी दी तथा नियमित उपचार जारी रखने की अपील की।

कार्यक्रम में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अनुज टोप्पो, डॉ. साकेत गुप्ता, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. आशीष जायसवाल, डॉ. शांति नंदन, एनवीबीडीसीपी सलाहकार दिव्य किशोर गुप्ता एवं बीपीएम नेत्र प्रकाश सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने सिकल सेल रोग के प्रभावी प्रबंधन और शासन की स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *