Skip to main content

ChhattisgarhLocalRamanujganj

पुलिया में गिरी तेज रफ्तार पिकअप, युवक की मौत, तीन गंभीर घायल।

रामानुजगंज के रिंग रोड पर हुआ हादसा, बाइक की मरम्मत कर गांव लौट रहे थे चारों युवक।

रामानुजगंज/बलरामपुर…

रामानुजगंज नगर के रिंग रोड स्थित स्वाद घर के समीप शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर लगभग 15 फीट गहरी पुलिया में जा गिरी। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस की टीम घटनास्थल पर पहुंची तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार ग्राम कुर्लूडीह के चार युवक अपनी दो खराब मोटरसाइकिलों की मरम्मत कराने रामानुजगंज आए थे। मोटरसाइकिलें छोड़ने के बाद वे नावाडीह से पौधे लेकर पिकअप वाहन से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रिंग रोड स्थित स्वाद घर के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और पिकअप सीधे पुलिया में जा गिरी।

हादसा इतना भीषण था कि धुनधुन पिता मुखदेव (21) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सुनील यादव पिता बलदेव यादव (35), उमा (21) तथा मंगलू पिता भूखन (24) गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी ग्राम कुर्लूडीह के निवासी हैं। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही रामानुजगंज पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

इस हृदयविदारक हादसे से ग्राम कुर्लूडीह सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोना माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *