यातायात नियमों के उल्लंघन पर तीन वाहनों पर कार्रवाई, 10,300 रुपये का जुर्माना।
बलरामपुर…
कलेक्टर के निर्देश पर जिले में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रभावी पालन के लिए परिवहन विभाग और पुलिस विभाग द्वारा संयुक्त रूप से सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य ओवरलोडिंग, मालवाहक वाहनों में अवैध रूप से सवारी ढोने तथा स्कूली वाहनों के संचालन में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना है।

इसी क्रम में वाड्रफनगर क्षेत्र में संयुक्त जांच के दौरान मालवाहक के रूप में पंजीकृत दो पिकअप वाहनों में अवैध रूप से सवारियां ले जाते पाए जाने पर मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 5,300 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
वहीं, रामानुजगंज क्षेत्र में जांच के दौरान एक स्कूल वैन में परिवहन नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 5,000 रुपये का जुर्माना किया गया। इस प्रकार तीन वाहनों के विरुद्ध की गई कार्रवाई में कुल 10,300 रुपये का अर्थदंड वसूला गया।
जांच के दौरान अधिकारियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों एवं सभी सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने की समझाइश भी दी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।