राजपुर में मोटरसाइकिल चोरी का खुलासा, तीन अपचारी बालक पकड़ाए।
बलरामपुर/ रामानुजगंज…
राजपुर थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए तीन अपचारी बालकों को पकड़कर चोरी की गई केटीएम मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 28 जुलाई की रात अज्ञात चोरों ने घर का शटर तोड़कर केटीएम मोटरसाइकिल क्रमांक DL 55 AJ 6062 चोरी कर ली थी। वाहन की अनुमानित कीमत 35 हजार रुपये बताई गई है। घटना के बाद घर का शटर टूटा मिला तथा अंदर सबल और आरी ब्लेड पड़े हुए थे। प्रार्थिया की शिकायत पर थाना राजपुर में धारा 305(क) एवं 331(4) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण, प्रार्थिया के बयान तथा मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल चला रहे तीन संदिग्ध अपचारी बालकों को पकड़ लिया। पूछताछ में तीनों ने मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार कर लिया, जिसके बाद चोरी गई केटीएम मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई।
पुलिस ने तीनों अपचारी बालकों का सामाजिक पृष्ठभूमि प्रतिवेदन तैयार कर नियमानुसार उनके परिजनों को गिरफ्तारी की सूचना दी तथा उन्हें किशोर न्यायालय, रामानुजगंज में प्रस्तुत किया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।