बिजली दरों में बढ़ोतरी वापस लेने की मांग, स्मार्ट मीटर योजना का कांग्रेस ने किया विरोध, 400 यूनिट तक आधा बिजली बिल योजना दोबारा लागू करने की उठाई मांग।
बलरामपुर/वाड्रफनगर…
जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश सरकार की बिजली नीति पर सवाल उठाते हुए बिजली दरों में की गई बढ़ोतरी वापस लेने, स्मार्ट मीटर योजना बंद करने तथा 400 यूनिट तक आधा बिजली बिल योजना को पुनः लागू करने की मांग की है।

प्रेसवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार के करीब ढाई वर्ष के कार्यकाल में कई बार बिजली दरों में वृद्धि की गई है, जिससे ग्रामीणों, किसानों, आदिवासियों एवं निम्न आय वर्ग के परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है। उनका कहना है कि बढ़ी हुई बिजली दरों के साथ स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया से भी उपभोक्ताओं में असमंजस और नाराजगी बढ़ रही है।

कांग्रेस जिला अध्यक्ष हरिहर प्रसाद यादव ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की 400 यूनिट तक बिजली खपत पर आधा बिजली बिल योजना से आम घरेलू उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलती थी। वर्तमान सरकार द्वारा इस योजना को बंद किए जाने से लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ा है। कांग्रेस ने सरकार के समक्ष तीन प्रमुख मांगें रखीं—बिजली दरों में की गई बढ़ोतरी वापस ली जाए, स्मार्ट मीटर योजना को बंद किया जाए तथा 400 यूनिट तक आधा बिजली बिल योजना को पुनः लागू किया जाए।
प्रेसवार्ता में यह भी आरोप लगाया गया कि सरकार एक ओर महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर बढ़े हुए बिजली बिल के माध्यम से परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आम उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए सरकार को बिजली संबंधी निर्णयों पर पुनर्विचार करना चाहिए।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरिहर यादव सहित केदार यादव, जयप्रकाश जायसवाल, खलील अहमद, देवनारायण, संजीव यादव, चंद्रशेखर यादव, राजू कनौजिया, दीपक रवि, सुनील दोहरे, कमच्छा यादव, दलसाय सिंह, उर्मिला पोर्ते सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।