Skip to main content

BalrampurChhattisgarhLocal

विद्यार्थी विज्ञान मंथन से जुड़ेगा बलरामपुर जिला, विज्ञान प्रतिभाओं को मिलेगा राष्ट्रीय मंच।

इसरो, डीआरडीओ जैसी वैज्ञानिक संस्थाओं के भ्रमण का मिलेगा अवसर, 30 सितंबर तक होंगे पंजीयन।

बलरामपुर…..

जिले के विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और अनुसंधान की भावना विकसित करने के उद्देश्य से बलरामपुर-रामानुजगंज जिले को विद्यार्थी विज्ञान मंथन (वीवीएम) कार्यक्रम से जोड़ा जा रहा है। इस संबंध में वीवीएम के राज्य समन्वयक विवेक पाठक ने कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी, जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी तथा जिला शिक्षा अधिकारी से सौजन्य भेंट कर परीक्षा की रूपरेखा एवं विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि विद्यार्थी विज्ञान मंथन परीक्षा का आयोजन विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और रचनात्मक सोच विकसित करने के उद्देश्य से किया जाता है। परीक्षा चार चरणों में आयोजित होगी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के साथ-साथ इसरो, डीआरडीओ जैसी प्रतिष्ठित वैज्ञानिक संस्थाओं के भ्रमण का अवसर भी मिलेगा।

परीक्षा में कक्षा 6वीं से 11वीं तक के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे। प्रत्येक राज्य से प्रत्येक कक्षा के शीर्ष 25 विद्यार्थियों का चयन राज्य स्तरीय शिविर के लिए किया जाएगा। राज्य स्तरीय शिविर में चयनित विद्यार्थियों में से प्रत्येक कक्षा के दो श्रेष्ठ प्रतिभागियों को राष्ट्रीय शिविर में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इस प्रकार प्रत्येक राज्य से कुल 12 विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

*अक्टूबर में जिले में आयोजित हो सकता है ‘स्पेस ऑन व्हील’ कार्यक्रम*

बैठक के दौरान राज्य समन्वयक विवेक पाठक ने इसरो के ‘स्पेस ऑन व्हील’ कार्यक्रम की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस विशेष विज्ञान प्रदर्शनी वाहन के माध्यम से विद्यालयों में पहुंचकर विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान और आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों की जानकारी दी जाती है। अक्टूबर 2026 में इस कार्यक्रम को बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में आयोजित करने की संभावनाओं पर चर्चा की गई। साथ ही जिले के हायर सेकेंडरी विद्यालयों के विज्ञान शिक्षकों को इसरो के वैज्ञानिकों से सीधे मार्गदर्शन दिलाने की कार्ययोजना पर भी विचार-विमर्श हुआ।

विद्यार्थी विज्ञान मंथन परीक्षा के लिए ऑनलाइन पंजीयन की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक विद्यार्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन पंजीयन कर परीक्षा में शामिल हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *