सेवा सेतु में उत्कृष्ट प्रदर्शन: निर्दोष लकड़ा बने प्रदेश के टॉप ट्रांजैक्शन वीएलई, उत्कृष्ट कार्य के लिए राज्य स्तरीय कार्यक्रम में वित्त मंत्री ने किया सम्मानित।
बलरामपुर…
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से सरकारी सेवाओं को आम नागरिकों तक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जा रहा है। जिले में कलेक्टर श्री चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में सेवा सेतु का प्रभावी संचालन किया जा रहा है।
संयुक्त जिला कार्यालय में कार्यरत सेवा सेतु वीएलई निर्दोष लकड़ा ने वर्ष 2025-26 में 13,912 आवेदनों का सफलतापूर्वक निराकरण कर प्रदेश के टॉप ट्रांजैक्शन वीएलई बनने का गौरव हासिल किया है।
उत्कृष्ट कार्य के लिए राज्य स्तरीय कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। यह सम्मान ग्रामीण नागरिकों को समय पर गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के उनके समर्पण का प्रतीक माना जा रहा है।
सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आय, जाति, निवास, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र सहित विभिन्न शासकीय सेवाएं अब ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो रही हैं। इससे जिला मुख्यालय के बार-बार चक्कर लगाने की आवश्यकता कम हुई है और समय व धन दोनों की बचत हो रही है।
निर्दोष लकड़ा ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि तकनीक के माध्यम से प्रत्येक नागरिक का जीवन आसान बनाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि सेवा भाव और तकनीक के बेहतर उपयोग से ग्रामीण क्षेत्रों में भी डिजिटल क्रांति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।