Skip to main content

BalrampurChhattisgarhLocal

जंगल में नर हाथी के हमले से ग्रामीण की मौत, मौके पर ही तोड़ा दम।

रामानुजगंज/ बलरामपुर…

बलरामपुर जिले के ग्राम शिवपुर निवासी इन्द्रनाथ सिंह की रविवार सुबह नर हाथी के हमले में मौत हो गई। घटना सुबह करीब 5:30 बजे शिवपुर जंगल क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार इन्द्रनाथ सिंह भैंस चराने के लिए जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान झारखंड की ओर से पहुंचे एक नर हाथी ने उन पर हमला कर दिया। हाथी द्वारा कुचल दिए जाने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। रेंजर दिलरुबा बानो ने बताया कि झारखंड की ओर से एक नर हाथी शिवपुर जंगल क्षेत्र में पहुंचा था। इसी दौरान जंगल में भैंस चराने गए ग्रामीण पर हाथी ने हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

वन विभाग द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए रामानुजगंज स्थित 100 बिस्तर अस्पताल लाया गया है। घटना के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरती जा रही है।

रेंजर दिलरुबा बानो ने बताया कि वन विभाग द्वारा लगातार सुबह-शाम प्रचार-प्रसार कर ग्रामीणों को जंगल की ओर नहीं जाने तथा हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की समझाइश दी जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में जाने से बचें और वन विभाग द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

हाथी के हमले में ग्रामीण की मौत के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *