पांगन नदी में डूबे 15 वर्षीय छात्र का शव बरामद।
शनिवार को भैंस चराने के दौरान हुआ हादसा, रविवार सुबह सर्च अभियान में मिला शव।
बलरामपुर…
जिले के ग्राम पंचायत पंचावल में पांगन नदी में डूबने से 15 वर्षीय छात्र आशीष यादव की मौत हो गई। शनिवार को हादसे के बाद देर शाम तक पुलिस प्रशासन और गोताखोरों की टीम ने तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। रविवार सुबह दोबारा चलाए गए सर्च अभियान में छात्र का शव बरामद किया गया।
जानकारी के अनुसार, आशीष यादव पिता सूरज नारायण यादव, निवासी ग्राम पंचायत पंचावल, कक्षा 9वीं का छात्र था। शनिवार सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच वह अपने घर से लगभग 400 मीटर दूर पांगन नाला के पास भैंस चरा रहा था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी में जा गिरा और डूब गया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आशीष की तलाश शुरू की। सूचना पर सनावल थाना पुलिस, प्रशासन और गोताखोरों की टीम भी मौके पर पहुंची। शनिवार देर शाम तक नाले में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन छात्र का पता नहीं चल सका।
रविवार सुबह फिर से सर्च अभियान शुरू किया गया। पुलिस प्रशासन और गोताखोरों के संयुक्त प्रयास से आशीष का शव पांगन नदी से बरामद कर लिया गया। पुलिस द्वारा पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक होनहार छात्र की असमय मौत से ग्रामीणों में भी गहरा दुख है। ग्रामीणों ने पांगन नाला सहित अन्य जलस्रोतों के आसपास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।